
भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान और आदिवासी समाज के स्वाभिमान को किया गया नमन
छात्रावासों में होंगी पेंटिंग एवं निबंध प्रतियोगिताएं
मुंगेली – भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर रविवार को जिला कलेक्टोरेट स्थित एनआईसी कक्ष में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन का सीधा प्रसारण सुना तथा भगवान बिरसा मुंडा के अदम्य साहस, संघर्ष और बलिदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका संघर्ष साहस, स्वाभिमान और अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस अब पूरे देश का राष्ट्रीय उत्सव बन चुका है। भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष करते हुए आदिवासी समाज के अधिकारों, सम्मान और अस्मिता की रक्षा के लिए ऐतिहासिक योगदान दिया।
जनजातीय क्षेत्रों के विकास को मिलेगी नई गति
प्रधानमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद का सबसे अधिक नुकसान जनजातीय समाज को उठाना पड़ा है। नक्सलवाद से मुक्ति मिलने पर जनजातीय क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी और वहां शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, रोजगार सहित बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा। उन्होंने पीएम जनमन योजना एवं धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार का संकल्प जनजातीय समुदाय के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
जल, जंगल, जमीन और जनजातीय अस्मिता की रक्षा का संदेश
कार्यक्रम में भगवान बिरसा मुंडा के ऐतिहासिक उलगुलान आंदोलन, जल-जंगल-जमीन की रक्षा तथा आदिवासी समाज के अधिकारों और सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित रखने के लिए किए गए उनके संघर्ष एवं योगदान को याद किया गया। प्रधानमंत्री ने आदिवासी समाज के उद्यमियों से संवाद कर उनकी प्रेरणादायक सफलता की कहानियां भी सुनीं।
जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में 16 नवंबर को जिले के सभी छात्रावासों में ‘आदि सेनानी’ अथवा ‘आदि संस्कृति’ विषय पर पेंटिंग प्रतियोगिता एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को जनजातीय महापुरुषों के योगदान, गौरवशाली इतिहास, समृद्ध परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने के साथ उनकी रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित किया जाएगा। इस अवसर पर सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्री शिव कुमार बांधे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The LokSwar Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
