समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने प्रमुख योजनाओं पर निर्देश दिए
मुंगेली, 17 नवंबर 2026 – कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने जिला कलेक्टोरेट के मनियारी सभा कक्ष में समय-सीमा बैठक आयोजित की। बैठक में जिले में चल रही सरकारी योजनाओं, विकास कार्यों और विभागीय गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
धान खरीदी और उठाव में तेजी
कलेक्टर ने धान खरीदी की वर्तमान स्थिति पर चर्चा करते हुए कहा कि कार्य सुचारू, व्यवस्थित और निर्धारित व्यवस्था के अनुरूप होना चाहिए। किसानों को धान बेचने में किसी भी परेशानी से बचाने के लिए विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया। उन्होंने धान खरीदी की प्रक्रिया में तेजी लाने और खरीदे गए धान के उठाव की व्यवस्था को गंभीरता से सुनिश्चित करने का आदेश दिया।
सड़क मरम्मत पर नाराजगी
सड़क मरम्मत कार्यों की धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी अधिकारियों से कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग और शेष कार्यों को प्राथमिकता के साथ जल्द से जल्द पूरा करने का आग्रह किया।
प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का महाअभियान
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर पैनल स्थापित कराने के लिए विशेष महाअभियान चलाने का निर्देश दिया। योजना के लाभों की जानकारी आम नागरिकों तक पहुँचाने और सब्सिडी व अन्य सुविधाओं के बारे में जागरूक करने का आदेश दिया।
पैरादान अभियान और अन्य निर्देश
फसल कटाई के बाद खेतों में बचे पैरा को पशुओं के चारे के रूप में उपयोग करने के लिए किसानों को जागरूक और प्रोत्साहित करने का निर्देश दिया। जनपद पंचायत स्तर पर मुनादी कराकर पैरादान के महत्व की जानकारी ग्रामीणों तक पहुँचाने का आदेश दिया।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर श्री अंजोर सिंह पैकरा, एसडीएम मुंगेली श्री मायानंद चंद्रा, एसडीएम पथरिया श्रीमती रेखा चंद्रा, लोरमी एसडीएम श्री अभयजीत सिंह मंडावी सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
क्रमांक 11-48, फोटो 04 से।

The News Related To The News Engaged In The LokSwar Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
