मुंगेली के जिला खाद्य अधिकारी निलंबित, शासन की सख्त कार्रवाई
मुंगेली । धान खरीदी व्यवस्था में सामने आई गंभीर अनियमितताओं और प्रशासनिक लापरवाही को लेकर राज्य शासन ने बड़ी कार्रवाई की है। मुंगेली जिले के जिला खाद्य अधिकारी हुलेश डड़सेना को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई धान खरीदी केंद्रों की बदहाल व्यवस्था, मिलरों द्वारा किए जा रहे उठाव की समुचित निगरानी नहीं होने और नियमित निरीक्षण में भारी चूक के आरोपों के बाद की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार धान परिवहन और उठाव की जांच के दौरान कई स्तरों पर अनियमितताएं उजागर हुई थीं। जांच में यह सामने आया कि संबंधित अधिकारी द्वारा समय-समय पर खरीदी केंद्रों का निरीक्षण नहीं किया गया, जिससे अव्यवस्थाएं बढ़ीं और शासन की मंशा के अनुरूप कार्य नहीं हो सका। इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियमों का उल्लंघन मानते हुए शासन ने कड़ा कदम उठाया है।खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निलंबन 21 जनवरी 2026 से प्रभावशील होगा। निलंबन अवधि के दौरान अधिकारी का मुख्यालय नवा रायपुर निर्धारित किया गया है।इस कार्रवाई के बाद जिले के खाद्य विभाग में हड़कंप मच गया है। शासन ने साफ संकेत दिए हैं कि धान खरीदी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनदेखी या मिलीभगत को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले समय में धान खरीदी, परिवहन और उठाव की निगरानी और अधिक सख्त किए जाने के निर्देश भी दिए गए हैं। प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि यह कार्रवाई अन्य अधिकारियों के लिए भी चेतावनी है कि शासन की योजनाओं में लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्रवाई तय है।

The News Related To The News Engaged In The Lokswar Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.