मुंगेली, 26 नवंबर 2026। रबी सीजन 2026-27 में किसानों को उर्वरक की सुगम, पारदर्शी और व्यवस्थित उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा उन्हें डिजिटल कृषि सेवाओं से जोड़ने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा गांव-गांव किसान चौपाल आयोजित की जा रही है। इसी कड़ी में ग्राम पंचायत भालापुर में किसान चौपाल लगाकर किसानों के साथ-साथ स्कूली छात्र-छात्राओं को एफएफएस ऐप के माध्यम से उर्वरक क्रय करने की प्रक्रिया का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत विशेष शिविर भी लगाया गया, जिसमें किसानों की समस्याओं का निराकरण एवं अभिलेखों में आवश्यक सुधार की कार्रवाई की गई।
एफएफएस ऐप का प्रशिक्षण और लाइव प्रदर्शन
किसान चौपाल में जिला उर्वरक निरीक्षक एवं जिला मास्टर ट्रेनर मनहरण कुर्रे ने एफएफएस ऐप के उपयोग और इसकी पूरी प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसान इस ऐप के माध्यम से अपनी भूमि का रकबा एवं बोई गई फसल का विवरण दर्ज कर सकते हैं। इसके बाद आवश्यकतानुसार उर्वरक की मात्रा का चयन कर विक्रेता चुनते हुए टोकन एवं क्यूआर कोड जनरेट कर सकते हैं। इससे उर्वरक क्रय की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित एवं पारदर्शी बनेगी तथा किसानों को अपनी आवश्यकता के अनुरूप उर्वरक प्राप्त करने में सुविधा होगी।
प्रशिक्षण को अधिक प्रभावी एवं व्यावहारिक बनाने के लिए ग्राम पंचायत भालापुर के सरपंच विवेकानंद साहू का एफएफएस ऐप के माध्यम से उर्वरक क्रय हेतु टोकन जनरेट किया गया। जिला मास्टर ट्रेनर कुर्रे ने सरपंच को स्वयं टोकन जारी करने की पूरी प्रक्रिया समझाई और मौके पर लाइव प्रदर्शन किया। इस प्रत्यक्ष अभ्यास से उपस्थित किसानों एवं विद्यार्थियों को मोबाइल ऐप के माध्यम से टोकन और क्यूआर कोड प्राप्त करने की प्रक्रिया को करीब से समझने का अवसर मिला।
विद्यार्थियों को भी जोड़ा गया
किसान चौपाल की विशेष पहल के तहत विद्यार्थियों को भी एफएफएस ऐप का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया। अधिकांश विद्यार्थी किसान परिवारों से जुड़े हैं और उनके माता-पिता खेती-किसानी करते हैं। ऐसे में विद्यार्थी घर जाकर अपने माता-पिता एवं परिवार के अन्य सदस्यों को ऐप के उपयोग की जानकारी दे सकेंगे। साथ ही गांव के अन्य किसानों को भी डिजिटल माध्यम से उर्वरक क्रय करने के लिए प्रेरित कर सकेंगे। इस पहल से विद्यार्थियों को तकनीक आधारित कृषि व्यवस्था की जानकारी मिलने के साथ ही डिजिटल जागरूकता को गांव-गांव तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
पीएम किसान सम्मान निधि शिविर में समस्याओं का निराकरण
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत विशेष शिविर भी लगाया गया। शिविर में किसानों से उनकी समस्याओं एवं लंबित प्रकरणों की जानकारी लेकर आवश्यक अभिलेखों और विवरणों में सुधार की कार्रवाई की गई। साथ ही किसानों को योजना का लाभ सुचारू रूप से प्राप्त करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
अधिकारियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में उप संचालक कृषि वीणा ठाकुर, सहायक संचालक कृषि ललिता मरावी, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी के.पी. घिंडोरे, कृषि विकास अधिकारी राजेश साहू, विक्टोरिया नर्सिंग, दुर्गेश पटेल, प्रफुल्ल जायसवाल, उमेंद्र टोंडे, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी उमा टोंडे, ग्राम पंचायत भालापुर के सरपंच विवेकानंद साहू सहित बड़ी संख्या में कृषक एवं विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कृषि विभाग की अपील
कृषि विभाग ने जिले के किसानों से रबी वर्ष 2026-27 में उर्वरक क्रय करने के लिए एफएफएस ऐप के माध्यम से अग्रिम रूप से अपना टोकन एवं क्यूआर कोड प्राप्त करने की समझाइश दी है। कृषि केंद्र अथवा सहकारी समिति में उर्वरक लेने जाने से पहले मोबाइल ऐप या नजदीकी च्वाइस सेंटर के माध्यम से टोकन अवश्य बनवा लें। जिन किसानों ने अभी तक फार्मर रजिस्ट्री नहीं कराई है, वे शीघ्र अपना पंजीयन पूर्ण कराएं, ताकि उर्वरक क्रय एवं शासन की अन्य कृषि योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में असुविधा न हो। किसी भी प्रकार की समस्या या तकनीकी जानकारी के लिए किसान अपने ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।

The News Related To The News Engaged In The LokSwar Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
