*किसान चौपाल लगाकर किसानों को टोकन जनरेट करने और उर्वरक प्राप्त करने की प्रक्रिया समझा रहा कृषि विभाग*
*गोंड़ खाम्ही, धरदेई और सरगांव में आयोजित प्रशिक्षण में 139 किसानों ने लिया हिस्सा*
मुंगेली/ रबी सीजन 2026-27 में किसानों को रासायनिक उर्वरकों की सुगम, पारदर्शी और व्यवस्थित उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कृषि विभाग द्वारा विशेष पहल की जा रही है। इसके तहत जिले में एफएफएस (फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल) टोकन प्रणाली के माध्यम से उर्वरक क्रय करने की प्रक्रिया समझाने के लिए गांव-गांव किसान चौपाल आयोजित कर किसानों को व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य किसानों को डिजिटल प्रणाली से जोड़ना और उर्वरक प्राप्त करने की प्रक्रिया को सरल एवं सुविधाजनक बनाना है।
कृषि विभाग द्वारा किसानों को केवल योजना की जानकारी ही नहीं दी जा रही है, बल्कि उन्हें स्वयं एफएफएस टोकन जनरेट करने और उसके माध्यम से उर्वरक प्राप्त करने की पूरी प्रक्रिया का प्रत्यक्ष प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। इससे किसान डिजिटल व्यवस्था को आसानी से समझ सकेंगे और खाद खरीदने के दौरान होने वाली संभावित परेशानियों से बच सकेंगे।
*तीन स्थानों पर 139 किसानों को दिया गया प्रशिक्षण*
इसी क्रम में ग्राम गोंड़ खाम्ही, विकासखंड लोरमी में आयोजित किसान चौपाल में लगभग 50 किसानों को एफएफएस टोकन प्रणाली की जानकारी दी गई। इस दौरान कृषक श्री तुलाराम साहू का टोकन जारी कर पूरी प्रक्रिया का व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
इसी तरह ग्राम धरदेई, विकासखंड पथरिया में आयोजित किसान चौपाल में 49 किसानों ने सहभागिता की। यहां कृषक श्री विश्राम ठाकुर का एफएफएस टोकन जारी कर उपस्थित किसानों को टोकन के माध्यम से उर्वरक क्रय करने की प्रक्रिया समझाई गई। वहीं सरगांव स्थित बिल्हा विपणन संघ में आयोजित प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम में 40 किसान शामिल हुए। इस दौरान कृषक श्री श्यामसुन्दर देवांगन का टोकन जारी कर किसानों को टोकन जनरेट करने से लेकर उर्वरक प्राप्त करने तक की पूरी प्रक्रिया का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
*किसानों को डिजिटल प्रक्रिया की दी जा रही जानकारी*
इन सभी प्रशिक्षण कार्यक्रमों में जिला मास्टर ट्रेनर एवं वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री मनहरण कुर्रे ने किसानों को एफएफएस प्रणाली की उपयोगिता, टोकन जनरेट करने की प्रक्रिया और आवश्यक सावधानियों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने किसानों को बताया कि डिजिटल टोकन प्रणाली के माध्यम से उर्वरक वितरण व्यवस्था को अधिक पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।
*उप संचालक कृषि ने किया आकस्मिक निरीक्षण*
किसान चौपाल एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों के दौरान उप संचालक कृषि श्रीमती वीणा ठाकुर एवं अनुविभागीय कृषि अधिकारी श्री सुभाष सोनी ने आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने किसानों को दिए जा रहे प्रशिक्षण, टोकन जारी करने की प्रक्रिया और एफएफएस प्रणाली के व्यवहारिक क्रियान्वयन का अवलोकन किया। उन्होंने किसानों से संवाद कर प्रशिक्षण की उपयोगिता एवं डिजिटल प्रक्रिया की जानकारी भी ली।
*किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराना प्राथमिकता*
कृषि विभाग द्वारा जिले में एफएफएस टोकन प्रणाली के प्रति किसानों को जागरूक करने के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार एवं प्रशिक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है। किसान चौपाल, प्रत्यक्ष संवाद और टोकन जारी कर व्यवहारिक प्रशिक्षण देने के माध्यम से अधिक से अधिक किसानों को इस व्यवस्था से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे एफएफएस टोकन प्रणाली की जानकारी प्राप्त करें, प्रशिक्षण कार्यक्रमों में सहभागी बनें तथा डिजिटल माध्यम से उर्वरक क्रय की प्रक्रिया अपनाएं।

The News Related To The News Engaged In The LokSwar Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
