मुंगेली । जिले के लोरमी थाना क्षेत्र में मेडिकल एजेंसी से कफ सिरप चोरी करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गैंग हिस्ट्रीशीटर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गए 96 नग कफ सिरप बरामद किए हैं। घटना में एक विधि से संघर्षरत बालक की भी संलिप्तता सामने आई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में थाना लोरमी पुलिस ने मेडिकल एजेंसी में हुई चोरी का खुलासा किया।
बताया गया कि प्रार्थी मुकेश कुमार कश्यप, निवासी वार्ड क्रमांक 13 लोरमी ने थाना लोरमी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 5 मार्च 2026 की सुबह लगभग 9 बजे जब वह नया बस स्टैंड लोरमी स्थित अपनी मेडिकल एजेंसी पहुंचे तो दुकान का ताला टूटा मिला। दुकान से आरसी कफ (RC KUFF) सिरप का एक कार्टून, जिसमें कुल 96 नग बोतलें थीं, अज्ञात चोर चोरी कर ले गए थे। प्रार्थी की शिकायत पर थाना लोरमी में अपराध क्रमांक 97/2026 धारा 305 (ए) एवं 331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर दो संदिग्धों की पहचान रिंकु कश्यप (20 वर्ष) निवासी कंकालीन पारा, वार्ड क्रमांक 04 लोरमी तथा एक अपचारी बालक के रूप में हुई। पुलिस ने रिंकु कश्यप को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने उक्त बालक के साथ मिलकर मेडिकल एजेंसी से कफ सिरप चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपी की निशानदेही पर चोरी गया 96 नग कफ सिरप बरामद कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी रिंकु कश्यप पिता विजेंद्र कश्यप (20 वर्ष) निवासी कंकालीन पारा, वार्ड क्रमांक 04 लोरमी को 9 मार्च 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। वहीं घटना में शामिल अपचारी बालक के संबंध में किशोर न्याय बोर्ड की प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की गई है।
पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी रिंकु कश्यप लोरमी थाना क्षेत्र का गैंग हिस्ट्रीशीटर है। वह और उसके साथ शामिल अपचारी बालक पूर्व में हुए एक हत्या के मामले में भी आरोपी रहे हैं और जमानत पर बाहर आने के बाद नशा करने के उद्देश्य से चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
इनकी रही अहम भूमिका
पूरे मामले के खुलासे में थाना प्रभारी लोरमी निरीक्षक अखिलेश कुमार वैष्णव, उपनिरीक्षक मानसिंह, प्रधान आरक्षक शेषनारायण कश्यप, आरक्षक राजू साहू, ईश्वर नेताम, रेखराम नेताम तथा सैनिक कुलदीप सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में होने वाली अवैध गतिविधियों की तत्काल सूचना पुलिस को दें और सुरक्षा के लिए अधिक से अधिक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाएं।

The News Related To The News Engaged In The LokSwar Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
