समाचार
शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और विद्यालय विकास में जनभागीदारी बढ़ाने लिया संकल्प
मुंगेली, लोरमी एवं पथरिया विकासखंडों में पालक सम्मेलन एवं शाला प्रबंधन समिति बैठक-सह-प्रशिक्षण आयोजित
मुंगेली, 19 नवंबर 2026// जिले के विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने, बच्चों के सर्वांगीण विकास तथा शिक्षा व्यवस्था में समुदाय की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार समग्र शिक्षा अंतर्गत तीनों विकासखंड मुंगेली, लोरमी एवं पथरिया में कम्युनिटी मोबिलाइजेशन के अंतर्गत पालक सम्मेलन एवं शाला प्रबंधन समिति बैठक-सह-प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। इस वृहद आयोजन में जिले के विभिन्न संकुलों से आए लगभग 350 शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्षों, सदस्यों, पालकों, प्रधान पाठकों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शाला प्रबंधन समितियों को अधिक सक्रिय, सशक्त एवं जवाबदेह बनाना तथा विद्यालयों में बच्चों, विशेषकर बालिकाओं का शत-प्रतिशत नामांकन, नियमित उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने में समुदाय की भागीदारी को मजबूत करना रहा।
जिला शिक्षा अधिकारी श्री एम.एल. पटेल ने बताया कि प्रशिक्षण सत्र में मास्टर ट्रेनर्स द्वारा प्रतिभागियों को शाला प्रबंधन समिति के गठन एवं दायित्वों, विद्यालय विकास योजना (एसडीपी) के निर्माण, विद्यालय अनुदान के पारदर्शी उपयोग, बाल अधिकार, बच्चों की सुरक्षा तथा मध्यान्ह भोजन योजना जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक व्यावहारिक जानकारी दी गई। साथ ही बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने, विद्यालयों में बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा विद्यालय परिसर में स्वच्छ, सुरक्षित एवं सकारात्मक वातावरण विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लगभग 350 प्रतिभागियों ने अपने-अपने विद्यालयों में शाला प्रबंधन समितियों को अधिक सक्रिय बनाने तथा पालकों एवं समुदाय की भागीदारी बढ़ाकर बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
इस दौरान मुंगेली बीईओ श्रीमती विमित्रा घृतलहरे, लोरमी बीईओ श्रीमती मनीषा पाटले तथा पथरिया की बीईओ डॉ. श्रीमती प्रतिभा मंडलोई, जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) श्री प्रदीप उपाध्याय, एपीसी श्री लेख राम साहू (लोरमी), एपीसी श्री बड़गैया (पथरिया), बीआरसीसी श्री सूर्यकांत उपाध्याय, सहायक बीईओ श्री सुनील शर्मा, बीआरसी श्री दया राम साहू, बीआरसी श्री अशोक यादव एवं बीसुश्री प्रिया यादव सहित मास्टर ट्रेनर्स श्री चंद्रशेखर उपाध्याय, श्री दुर्गेश देवांगन, श्री ब्रजेश्वर मिश्रा, श्री मनोज कश्यप, श्री मिल्लू राम यादव, श्री विकास जायसवाल एवं श्री रितेश सिंगरौल शामिल रहे।

The News Related To The News Engaged In The LokSwar Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
