मुंगेली, 19 नवंबर 2026 – जिले के विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार समग्र शिक्षा के अंतर्गत तीनों विकासखंड मुंगेली, लोरमी और पथरिया में पालक सम्मेलन और शाला प्रबंधन समिति बैठक‑सह‑प्रशिक्षण का आयोजन किया गया।
लगभग 350 शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष, सदस्य, पालक, प्रधान पाठक और शिक्षक इस वृहद आयोजन में भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शाला प्रबंधन समितियों को अधिक सक्रिय, सशक्त और जवाबदेह बनाना तथा विद्यालयों में बालिकाओं का शत‑प्रतिशत नामांकन, नियमित उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने में समुदाय की भागीदारी को मजबूत करना था।
जिला शिक्षा अधिकारी एम.एल. पटेल ने बताया कि मास्टर ट्रेनर्स ने प्रतिभागियों को शाला प्रबंधन समिति के गठन और दायित्वों, विद्यालय विकास योजना (एसडीपी) के निर्माण, विद्यालय अनुदान के पारदर्शी उपयोग, बाल अधिकार, बच्चों की सुरक्षा और मध्यान्ह भोजन योजना पर व्यावहारिक जानकारी दी।
साथ ही बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने, नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और विद्यालय परिसर में स्वच्छ, सुरक्षित एवं सकारात्मक वातावरण विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया।
लगभग 350 प्रतिभागियों ने अपने विद्यालयों में शाला प्रबंधन समितियों को अधिक सक्रिय बनाने और पालकों एवं समुदाय की भागीदारी बढ़ाकर बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
इस दौरान मुंगेली बीईओ विमित्रा घृतलहरे, लोरमी बीईओ मनीषा पाटले और पथरिया की बीईओ डॉ. प्रतिभा मंडलोई, जिला परियोजना समन्वयक प्रदीप उपाध्याय, एपीसी लेख राम साहू (लोरमी), एपीसी बड़गैया (पथरिया), बीआरसीसी सूर्यकांत उपाध्याय, सहायक बीईओ सुनील शर्मा, बीआरसी दया राम साहू, बीआरसी अशोक यादव और बीसुश्री प्रिया यादव सहित मास्टर ट्रेनर्स चंद्रशेखर उपाध्याय, दुर्गेश देवांगन, ब्रजेश्वर मिश्रा, मनोज कश्यप, मिल्लू राम यादव, विकास जायसवाल और रितेश सिंगरौल उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The LokSwar Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
