निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा कर अधिकारियों को दिए निर्देश
गुणवत्ता और समय-सीमा का पालन नहीं करने पर होगी कार्यवाही
मुंगेली, 17 नवंबर 2026। जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गोकुल रावटे ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी अपूर्ण एवं अप्रारंभ कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के अंतर्गत स्वीकृत सभी निर्माण कार्य आगामी समय सीमा में अनिवार्य रूप से पूर्ण किए जाएं। निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिला पंचायत मुंगेली में आयोजित समीक्षा बैठक में श्री रावटे ने विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत स्वीकृत, प्रगतिरत एवं अप्रारंभ निर्माण कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। इसमें अन्य पिछड़ा वर्ग प्राधिकरण, मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना, 15वें एवं 16वें वित्त आयोग, समता विकास, गौण खनिज, स्कूल शिक्षा विभाग के निर्माण कार्य तथा महतारी सदन सहित अन्य कार्यों की समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।
सीईओ श्री रावटे ने कहा कि सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के निर्धारित मापदंडों का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए। तकनीकी अधिकारी नियमित रूप से निर्माण स्थलों का निरीक्षण करें और कार्यों की वास्तविक स्थिति का जायजा लें। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों का भुगतान केवल वास्तविक भौतिक मूल्यांकन (वैल्यूएशन) के आधार पर ही किया जाए। बिना उचित मूल्यांकन के भुगतान की प्रक्रिया नहीं अपनाई जाए।
उन्होंने अब तक प्रारंभ नहीं हुए स्वीकृत निर्माण कार्यों को तत्काल शुरू कराते हुए उनमें प्रगति लाने के निर्देश दिए। साथ ही पूर्ण हो चुके निर्माण कार्यों का शीघ्र भौतिक सत्यापन कर कार्यपूर्णता प्रमाण-पत्र (सीसी) एवं उपयोगिता प्रमाण-पत्र (यूसी) अनिवार्य रूप से जमा कराने को कहा। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण नहीं करने तथा निर्माण कार्यों में लापरवाही बरतने वाली संबंधित निर्माण एजेंसियों के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।
बैठक में उप संचालक पंचायत श्रीमती शिवानी सिंह, सहायक परियोजना अधिकारी श्रीमती शालिनी व्ही. सिंह, सहायक सांख्यिकी अधिकारी श्री आशीष प्रताप सिंह, जनपद पंचायत लोरमी के सीईओ श्री सुरेश कुमार कंवर, मुंगेली के सीईओ श्री संतोष घोषले एवं पथरिया के सीईओ श्री अनिल कुमार सहित अनुविभागीय अधिकारी मुंगेली, लोरमी एवं पथरिया, जिला पंचायत निर्माण शाखा के प्रभारी एवं लिपिक तथा स्टेनो श्री राजेन्द्र कुमार मरावी उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The LokSwar Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
