
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 की धान खरीदी को लेकर प्रशिक्षण एवं समीक्षा बैठक आयोजित
कलेक्टर ने अवैध धान परिवहन एवं भंडारण पर रोक लगाने, सही माप-तौल, गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश
चेकपोस्ट में बढ़ाएं निगरानी, एग्रीस्टैक के अभिलेखों का करें गंभीरता से सत्यापन
मुंगेली 16 नवंबर 2026// खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को पारदर्शी, व्यवस्थित और सुचारू रूप से संचालित करने के लिए जिला कलेक्टोरेट स्थित जनदर्शन सभा कक्ष में प्रशिक्षण एवं समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने राजस्व निरीक्षकों, तहसीलदारों, संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं धान खरीदी केंद्रों के प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि धान खरीदी शासन की महत्वपूर्ण व्यवस्था है। इसमें किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, लापरवाही अथवा अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अनियमितता पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने कहा कि किसानों की उपज का उचित मूल्य दिलाना और उन्हें बिना किसी परेशानी के धान विक्रय की सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी शासन के दिशा-निर्देशों का पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी से पालन करें। बैठक में अपर कलेक्टर श्री अंजोर सिंह पैकरा, मुंगेली एसडीएम श्री मायानंद चंद्रा, जिला खाद्य अधिकारी श्री पंकज सेतपाल, सहायक पंजीयक सहकारी संस्थाएं श्री हितेश श्रीवास, कृषि विभाग की उपसंचालक श्रीमती वीणा ठाकुर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं धान खरीदी केंद्रों के प्रभारी उपस्थित रहे।
सही माप-तौल और गुणवत्ता के अनुरूप हो धान खरीदी
कलेक्टर श्री तोपनो ने सभी खरीदी केंद्रों में किसानों से धान की खरीदी के दौरान सही माप-तौल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धान की गुणवत्ता निर्धारित मापदंडों के अनुरूप होनी चाहिए। खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखते हुए किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने खरीदी अवधि के दौरान अनावश्यक अवकाश नहीं लेने तथा केंद्रों में नियमित रूप से खरीदी कार्य जारी रखने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए इंतजार न करना पड़े।
खरीदी केंद्रों में व्यवस्था दुरुस्त कर बढ़ाएं खरीदी की गति
कलेक्टर ने जिले की विभिन्न समितियों में प्रारंभ हुई धान खरीदी की केंद्रवार समीक्षा की। उन्होंने जहां खरीदी की गति धीमी है, वहां आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। सभी केंद्रों में पर्याप्त संसाधन, कर्मचारियों की उपलब्धता और किसानों के लिए जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि खरीदी केंद्रों का संचालन सुव्यवस्थित ढंग से हो और प्रत्येक स्तर पर जिम्मेदारी तय रहे।
अवैध धान परिवहन और भंडारण पर रहेगी कड़ी निगरानी
कलेक्टर ने जिले में अवैध धान परिवहन, भंडारण एवं अवैध रूप से धान खपाने की गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जिले की सीमाओं एवं संवेदनशील क्षेत्रों में चेकपोस्ट स्थापित कर नियमित जांच और चेकिंग अभियान चलाने को कहा। अवैध धान परिवहन एवं भंडारण की आशंका वाले क्षेत्रों की सूची तैयार कर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने सभी एसडीएम को धान खरीदी से संबंधित एग्रीस्टैक प्रक्रिया एवं अभिलेखों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों के पंजीयन और संबंधित जानकारियों का नियमानुसार सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी अथवा फर्जीवाड़े की संभावना को रोका जा सके।
सॉफ्टवेयर प्रशिक्षण का लाभ लेकर त्रुटिरहित खरीदी सुनिश्चित करें
बैठक में धान खरीदी से संबंधित सॉफ्टवेयर एवं तकनीकी प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई। कलेक्टर ने अधिकारियों और समिति प्रभारियों को प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ लेने तथा सॉफ्टवेयर की सभी प्रक्रियाओं को अच्छी तरह समझने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित तकनीकी प्रक्रिया का सही से पालन करने से खरीदी कार्य में त्रुटियों की संभावना कम होगी और व्यवस्था अधिक पारदर्शी बनेगी। कलेक्टर श्री तोपनो ने कहा कि धान खरीदी में किसानों के हित सर्वोपरि हैं। सही माप-तौल, गुणवत्ता, समय पर खरीदी, अभिलेखों का उचित संधारण और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण जैसे सभी पहलुओं पर अधिकारी नियमित निगरानी रखें। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

The News Related To The News Engaged In The LokSwar Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
